बलिया (चितबड़ागांव)। स्थानीय थाना परिसर में आयोजित मिशन नारी शक्ति कार्यक्रम के तहत एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने भाग लेकर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन अमरजीत सिंह ने कहा कि नारी समाज की वास्तविक शक्ति है और उसके सम्मान व सुरक्षा के बिना एक सशक्त एवं स्वस्थ समाज की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने मिशन नारी शक्ति अभियान को महिलाओं के आत्मबल और अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा आने वाले दिनों में क्षेत्र के गांव-गांव और नगर पंचायत के वार्डों में कैंप लगाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहुएं एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजन के माध्यम से महिलाओं में जागरूकता और आत्मविश्वास का संचार देखने को मिला, जिससे समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।



