चितबड़ागांव (बलिया)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत चितबड़ागांव के सभागार में श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण विषय पर एक प्रेरणादायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्मृति सिंह तथा नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
संगोष्ठी में महिलाओं के अधिकार, सम्मान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि स्मृति सिंह ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता ही समाज के समग्र विकास की कुंजी है।वहीं चेयरमैन अमरजीत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं के बिना समाज की प्रगति की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए, तभी समाज का संतुलित विकास संभव है।कार्यक्रम में शशिकांत मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।संगोष्ठी में सभासद नविहन खातुन, सुनीता देवी, बिजुल देवी, डॉ. नेहा सिंह, शशिकला तिवारी, शक्ति तिवारी, दिप्ती सिंह, थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, डॉ. सतीश सिंह, तुषार नन्द, शशिकांत ओझा, अवनेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और महिलाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम की संयोजक वंदना सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया तथा अंत में सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
संगोष्ठी में यह संदेश दिया गया कि जब महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर होंगी, तभी समाज और देश का वास्तविक विकास संभव हो सकेगा।





