बलिया। जनपद बलिया में एक प्रशासनिक फैसले ने जिले के अफसरशाही गलियारों में हलचल मचा दी है। जिलाधिकारी आईएएस मंगला प्रसाद सिंह ने राजस्व परिषद उत्तर प्रदेश के आदेश के अनुपालन में बड़ा कदम उठाते हुए दो उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को तहसीलदार पद पर तैनात कर दिया है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में यह पहली बार है, जब किसी जिलाधिकारी द्वारा एसडीएम स्तर के अधिकारियों को तहसीलदार बनाया गया हो।इस निर्णय को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग इसे व्यवस्था में बदलाव का संकेत मान रहे हैं, तो कुछ इसे कड़े प्रशासनिक संदेश के रूप में देख रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार—🔹 पीसीएस देवेंद्र कुमार पांडेय (2019 बैच, डिप्टी कलेक्टर) को तहसीलदार सिकंदरपुर नियुक्त किया गया है।🔹 पीसीएस धर्मेंद्र कुमार (2024 बैच, डिप्टी कलेक्टर) को तहसीलदार बैरिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।सूत्रों का कहना है कि इस फैसले से राजस्व प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और जवाबदेही तय करने का संदेश दिया गया है। वहीं, जिले में यह चर्चा भी जोरों पर है कि आगे इस तरह के और फैसले देखने को मिल सकते हैं।फिलहाल डीएम के इस कदम को लेकर जिले भर में चर्चाएं गर्म हैं और सभी की निगाहें आने वाले दिनों में प्रशासनिक गतिविधियों पर टिकी हुई हैं।

