बलिया। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने फुटओवर ब्रिज, महुआ मोड़ की ओर स्थित सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, वीआईपी कक्ष, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, पार्किंग स्थल, साफ-सफाई व्यवस्था, स्टोर रूम तथा वाशिंग पिट सहित विभिन्न स्थलों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर करने तथा शेष कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्टेशन मास्टरों, विभागीय अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।अपर महाप्रबंधक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संबंधित शाखा अधिकारी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेल पथ), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत), बलिया तथा रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


