कार्य में बाधा, पथराव और हंगामा करने वालों पर पुलिस का शिकंजा
चितबड़ागांव। थाना क्षेत्र क्षेत्र के नगपुरा पश्चिम टोला में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में चितबड़ागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कई दिनों से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस ने दो पुरुष एवं चार महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेन्द्र प्रसाद पुत्र स्व. सुदामा प्रसाद तथा रामाश्रय पुत्र स्व. सुदामा प्रसाद निवासी नगपुरा पश्चिम टोला थाना चितबड़ागांव जनपद बलिया शामिल हैं। वहीं गिरफ्तार महिला अभियुक्ताओं में बसन्ती देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद, पार्वती कुमारी पुत्री रामाश्रय, तारा देवी पत्नी सिंहासन प्रसाद तथा नीतू कुमारी पुत्री संतोष राम निवासी नगपुरा पश्चिम टोला शामिल हैं।गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व नगपुरा पश्चिम टोला में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों द्वारा अभद्रता, धक्का-मुक्की और पथराव किए जाने का मामला सामने आया था। आरोप है कि उग्र भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए थे कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने 18 नामजद सहित 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों की भूमिका घटना में सक्रिय पाई गई है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, कानून हाथ में लेने तथा पुलिस टीम पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
