बलिया (चितबड़ागांव।) थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता नाबालिग लड़की का 25 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन लगातार थाने का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। मामले को लेकर परिवार में गहरा आक्रोश है और घर में मातम जैसा माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 20 जनवरी को गांव का एक युवक नाबालिग को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित पिता ने स्थानीय थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि घटना के आठ दिन बाद, 28 जनवरी को पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बावजूद अब तक लड़की की बरामदगी नहीं हो सकी है।पीड़ित पिता ने बीते बुधवार को पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर बेटी की शीघ्र बरामदगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि बेटी के लापता होने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।परिवार का आरोप है कि पुलिस की ओर से केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।वहीं, थानाध्यक्ष बृजेश सिंह का कहना है कि मामले के सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। नाबालिग की बरामदगी के लिए टीम गठित की गई है। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छानबीन जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही नाबालिग को बरामद कर लिया जाएगा।
25 दिन बाद भी नाबालिग का सुराग नहीं, परिजन लगा रहे थाने का चक्कर
और पढ़ें