चितबड़ागांव।स्थानीय थाना परिसर में बुधवार को आगामी त्योहार महाशिवरात्रि एवं रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवागत थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने कार्यभार ग्रहण करते हुए क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने महाशिवरात्रि को लेकर सभी शिव मंदिरों के पुजारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसरों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दर्शन हेतु बैरिकेडिंग लगाने तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी शिव मंदिरों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही प्रकाश व्यवस्था एवं वाहनों की सुचारु पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।रमजान के मद्देनज़र मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की गई कि सभी मस्जिदों में समय से नमाज अदा की जाए। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोनों त्योहारों के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अफवाह या बाधा उत्पन्न करने वाले तत्वों की सूचना मिलती है तो तत्काल पुलिस को अवगत कराया जाए। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में नगर पंचायत चेयरमैन अमरजीत सिंह, ईओ सुरेश कुमार मौर्य, पूर्व चेयरमैन केशरी नंदन त्रिपाठी, व्यापार मंडल अध्यक्ष पप्पू केशरी, सभासद शिवमंगल सिंह, सभासद प्रतिनिधि मनोज कन्नौजिया, पिंटू चौरसिया, प्रदीप गुप्ता, प्रशांत सिंह, उप निरीक्षक अतुल कुमार, उप निरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल मनीष यादव, श्रीकांत वर्मा, अशोक कुमार मौर्य, धर्मराज गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



